फतेहपुर। परिषदीय विद्यालयों में वार्षिक परीक्षाएं शुक्रवार को सकुशल संपन्न हो गईं। पांच दिनों तक चली परीक्षाएं शांतिपूर्ण माहौल में आयोजित की गईं। अब छात्र-छात्राओं को 30 मार्च को परीक्षाफल बांटा जाएगा।
मूल्यांकन कार्य एक सप्ताह के भीतर पूरा कराया जाएगा ताकि समय पर परीक्षाफल तैयार हो सके। सभी छात्र-छात्राओं को 30 मार्च को रिपोर्ट कार्ड वितरित किए जाएंगे। इस अवसर पर अभिभावकों को भी बच्चों की प्रगति से अवगत कराया जाएगा।
जिले के परिषदीय विद्यालयों में कक्षा एक से आठ तक करीब दो लाख 26 हजार छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं जिन्होंने परीक्षा में भाग लिया। बीएसए भारती त्रिपाठी ने बताया कि मूल्यांकन कार्य समय पर पूरा कराया जाएगा। 30 मार्च को परीक्षाफल वितरित किया जाएगा। इससे छात्र-छात्राओं का अगली कक्षा में प्रवेश समय से हो सके। इसके साथ ही एक अप्रैल से स्कूल चलो अभियान का शुभारंभ होगा।