- मालिक ने चालक के खिलाफ दी तहरीर, जांच शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
खागा। हाईवे पर खड़गपुर से करनाल जा रहे ट्रेलर से साढ़े छह लाख कीमत की सरिया चोरी हो गईं। गाड़ी मालिक ने आरोप चालक पर लगाया और कोतवाली खागा में शिकायत की। पुलिस ने जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल खागा कोतवाली क्षेत्र का नहीं होना बता रही है।
राजस्थान प्रांत के पाली जिला सुमेरपुर थाना क्षेत्र के आदर्श काॅलोनी निवासी हर्ष गुप्ता ट्रेलर मालिक हैं। उन्होंने कोतवाली खागा में शिकायती पत्र देकर बताया कि उनका चालक 24 अप्रैल को खड़गपुर से 40 टन 350 किलो सरिया लादकर चला था। 29 अप्रैल की दोपहर उसने कटोघन टोल प्लाजा पार किया।
एक पेट्रोल पंप के पास गाड़ी रोकी। उन्हें फोन करके बताया कि वह गाड़ी नहीं ला सकता है। गाड़ी से सरिया चोरी हो गई हैं। दूसरे चालक को बुलाकर गाड़ी ले जाओ। हर्ष गुप्ता ने दूसरा गाड़ी चालक खागा भेजा। दूसरा चालक तीन मई को खागा पहुंचा। वजन कराने में पता लगा कि नौ टन 350 किलोग्राम सरिया कम हैं।
हर्ष ने गाड़ी के चालक के खिलाफ आरोप लगाया है। तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू की है। पुलिस के मुताबिक 29 अप्रैल को गाड़ी चालक ने कौशांबी जिले के सैनी या कोखराज क्षेत्र में करीब दो-तीन घंटे गाड़ी रोकी हुई थी। माना जा रहा है कि घटनास्थल कौशांबी में है।
फिलहाल खागा पुलिस घटना की पड़ताल में लगी है। हर्ष गुप्ता ने चोरी हुई सरिया की कीमत साढ़े छह लाख रुपए बताई है। कोतवाल अरुण चतुर्वेदी ने बताया कि जांच के बाद कार्रवाई होगी।