फोटो-58-बैंक आफ बड़ौदा में प्रदर्शन करते बैंक कर्मचारी। स्रोत स्वयं
फतेहपुर। पांच दिन बैकिंग की मांग काे लेकर मंगलवार को यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के बैनर तले सभी संगठनों के अधिकारी व कर्मचारी हड़ताल पर रहे। क्षेत्रीय कार्यालय बैंक ऑफ बड़ौदा में प्रदर्शन करते हुए कहा कि सरकार को 15 दिन पूर्व नोटिस दिए जाने के बावजूद हीलाहवाली की जा रही है। इधर हड़ताल होने की वजह से 50 करोड़ का लेन-देन प्रभावित हुआ।
हड़ताली बैंक कर्मियों ने कहा कि लगातार फाइव-डे कार्य की मांग की जा रही है लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। विभिन्न बैंक संगठनों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने कहा कि आईबीए से बैंक संगठनों का समझौता भी हो चुका है लेकिन सरकार की ओर से इसका निर्णय नहीं लिया जा रहा है। कहा कि सारे संबंधित संस्थान फाइव-डे ही कार्य कर रहे हैं।
देश में तमाम वैकल्पिक माध्यम एटीएम, यूपीआई, मोबाइल बैंकिंग होते हुए बैंकों का छह दिन कार्य करने का कोई औचित्य नहीं है। सूत्रों के अनुसार बैंकों में हड़ताल होने की वजह से 50 करोड़ का लेनदेन प्रभावित हुआ। प्रदर्शन के दाैरान वीर सिंह, अनिमेश सिंह, ललित पांडेय, आदर्श सिंह, संजीव, अरुण आदि बैंक कर्मचारी मौजूद रहे।
कई एटीएम हो गए खाली, परेशान रहे लोग
रविवार और सोमवार को अवकाश होने की वजह से लोगों ने एटीएम से जमकर निकासी की। शहर में करीब दो दर्जन एटीएम विभिन्न बैंकों की ओर से लगाए गए हैं। दो दिनों में एटीएम की धनराशि खाली हो जाने से मंगलवार को लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। नकदी प्राप्त करने के लिए लोग एटीएम तक आते और जाते रहे लेकिन उन्हें नकदी उपलब्ध नहीं हो सकी। रेलवे स्टेशन, पथरकटा चौराहा, अटल चौक और अन्य स्थानों पर लगे एटीएम खाली होने से लोग परेशान रहे।