भाकियू ने किसान विरोधी बिल और यमुना में हो रहे अवैध रूप से मौरंग खनन को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। शुक्रवार को ललौली थानाक्षेत्र के दसवांमील टोल प्लाजा के पास किसानों ने भाकियू के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंह चौहान के नेतृत्व में चार घंटे बांदा-टांडा मार्ग जाम किया।
बीच रोड पर धरना देने के कारण शाम तक सड़क जाम रहने से वाहनों की लंबी लाइनें लगी रहीं। हालांकि प्रशासन ने बड़ी तादाद में वाहनों को गाजीपुर रोड से होकर निकाला।
पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत भाकियू ने दोपहर डेढ़ बजे से बांदा टांडा मार्ग जाम किया। सड़क पर धरने पर किसानों के बैठने पूरी तरह से आवागमन बाधित रहा।
इस दौरान मौके पर मौजूद एडीएम पप्पू गुप्ता और अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मूकदर्शक बने रहे और किसान शासन प्रशासन विरोधी नारे लगाते रहे। भाकियू की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंह चौहान ने कहा कि सरकार की किसान विरोधी नीतियां किसी भी कीमत में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।
आरोप लगाया कि प्रशासन और पुलिस की मिलीभगत से यमुना घाटों में अवैध मौरंग खनन और सफेद बालू का खनन कराया जा रहा है। कहा कि ओती खदान खंड चार के संचालक क्षेत्र के किसानों की जमीन से जबरन रास्ता बना लिया है, जो पूरी तरह से गुंडई है। शाम तक चले धरने के बाद किसानों ने एडीएम और एएसपी को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में कृषि बिल वापस लेने, फसलों का समर्थन मूल्य दिलाने के लिए कानून बनाने, कम मूल्य पर फसलों की खरीद करने वालों पर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की गई है।
इसके अलावा जनपद में सरकारी कीमत पर धान खरीदने, खदानों में मानक के अनुरूप मौरंग खनन कराने, बिजली के बढ़े दाम वापस लेने, किसानों को कम कीमत पर बिजली आपूर्ति देने की मांग शामिल है। इस मौके पर भाकियू जिलाध्यक्ष राजकुमार गौतम, जिला उपाध्यक्ष ज्ञान सिंह गौर, राजेंद्र सिंह, महासचिव प्रीतम सिंह, दीपक गुप्ता, सोनू सिंह, घनश्याम गुप्ता, सत्यम सिंह आदि मौजूद रहे।
..............................