फोटो-14-बदहाल बहरामपुर-सातों मार्ग। संवाद
थरियांव। हसवा ब्लॉक का बहरामपुर-सातों मार्ग बदहाल होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है और जगह-जगह गिट्टियां उखड़ रही हैं। बारिश का पानी गड्ढों में भरने से आवागमन और मुश्किल हो गया है। इस मार्ग से प्रतिदिन करीब 20 हजार लोगों का आना-जाना होता है।
यह सड़क मुसैदापुर, मकरी, हरसिंहपुर, भागूपुर, बलईपुर, औरेई, रघुनाथपुर, नरौली आदि गांवों को जोड़ती है। आसपास के कई गांवों के छात्र-छात्राएं भी इसी मार्ग से स्कूल जाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पानी से भरे गड्ढों में आए दिन बच्चे फिसलकर गिर जाते हैं। चोट लगने के कारण कई बार वे स्कूल तक नहीं पहुंच पाते।
बाइक सवार भी दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। पैदल चलने वालों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की मरम्मत के लिए कई बार संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से मांग की गई लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
फोटो-14-बदहाल बहरामपुर-सातों मार्ग। संवाद