फूलमाला पहने बहुआ ब्लाक प्रमुख फूलमती
- फोटो : अमर उजाला
बहुआ (फतेहपुर)। बहुआ ब्लाक प्रमुख फूलमती की कुर्सी बरकरार है। सदर एसडीएम प्रेम प्रकाश तिवारी की मौजूदगी में अविश्वास प्रस्ताव के लिए बुलाई गई बैठक में उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले भी नहीं पहुंचे। एसडीएम एक से तीन बजे तक बीडीसी सदस्यों का इंतजार करते रहे। इस दौरान ब्लाक की सुरक्षा व्यवस्था भी चौकस रही। प्रदेश में सत्ता परिवर्तन होते ही ब्लाक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की सुगबुगाहट शुरू हो गई थी। क्षेत्र पंचायत सदस्य वैशाली शिवहरे ने डीएम से मुलाकात कर 62 क्षेत्र पंचायत सदस्यों का शपथ पत्र दिया था।
दूसरे दिन ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि महेंद्र यादव ने 64 बीडीसी अपने साथ होने का शपथ पत्र सौंपा था। इसके बाद जिलाधिकारी ने सदर एसडीएम को नोडल अधिकारी नामित किया था। सोमवार को अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के लिए बैठक बुलाई गई। चर्चा के बाद अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान कराया जाना था, लेकिन बैठक में बीडीसी सदस्य पहुंचे ही नहीं। एसडीएम सदर प्रेमप्रकाश तिवारी ने बताया कि शाम तीन बजे तक बहुआ ब्लाक के सभागार में अविश्वास प्रस्ताव पर बहस के लिए क्षेत्र पंचायत सदस्यों की बैठक बुलाई गई थी। तय समय तक कोई भी सदस्य नहीं आया। ऐसे में अविश्वास प्रस्ताव अपने आप ही रद्द हो गया है।