कोरोना संक्रमण काल में बीटेक छात्र ने घरेलू वस्तुओं से सेंसर युक्त आटोमेटिक हैंड सैनिटाइजर मशीन तैयार की है।
‘मिस्टर सैनिटाइजर’ नाम की इस मशीन को मोबाइल और लैपटॉप से भी कंट्रोल किया जा सकता है। छात्र सूरत के एक कॉलेज में इंजीनियरिंग कर रहा है। उसकी इस उपलब्धि की लोगों ने जमकर सराहना की।
कस्बे के मीरखपुर मोहल्ला निवासी राजकुमार सोनी के 18 वर्षीय पुत्र प्रखर ने सेंसर युक्त ऑटोमेटिक हैंड सैनिटाइजर मशीन का आविष्कार किया है। प्रखर ट्रिपल आईटी सूरत में बीटेक प्रथम वर्ष के छात्र हैं।
कंप्यूटर साइंस से इंजीनियरिंग कर रहे छात्र ने सैनिटाइजर मशीन को घरेलू वस्तुएं जैसे दफ्ती, रबड़, पाइप, बोतल आदि से तैयार किया है।
इस मशीन में अल्ट्रासोनिक सेंसर का इस्तेमाल किया गया है जो किसी भी जगह हर वातावरण में सुचारु रूप से काम करता है।
इस मशीन में हाथ नीचे ले जाने पर अपने आप सैनिटाइजर का तरल पदार्थ निकलने लगता है और हाथ हटाते ही बंद हो जाता है। छात्र ने इस सैनिटाइजर मशीन का नाम ‘मिस्टर सैनिटाइजर’ रखा है।
सैनिटाइजर मशीन मोबाइल के चार्जर से कनेक्ट करके भी चलाई जा सकती जाती है। खास बात यह है कि बिजली न होने की स्थिति में मशीन को ओटीजी केबल से मोबाइल से कनेक्ट करके बहुत ही कम बिजली में चलाया जा सकता है।
मशीन में सैनिटाइजर निकलने की स्पीड को मोबाइल या लैपटॉप से कनेक्ट करके कम या ज्यादा भी किया जा सकता है। छात्र प्रखर ने बताया कि विद्यालयों और प्रशासनिक अधिकारियों के सामने वह जल्द ही ‘मिस्टर सैनिटाइजर’ का डेमो दिखाएगा।