घर में सो रही किशोरी को चाकू दिखाकर दो युवकों ने दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर सुनकर किशोरी की मां की नींद खुल गई तो आरोपी पीछे के दरवाजे से तालाब में कूदकर भाग निकले। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा। थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी के पिता ने पुलिस को बताया कि वह शनिवार रात रिश्तेदार के घर शादी समारोह में शामिल होने गए थे।
घर में पत्नी, पुत्र और 16 वर्षीय पुत्री थी। सभी लोग घर के बाहर बरामदे में सो रहे थे। करीब रात नौ बजे गांव का साकेत गुप्ता और अमित सोनकर घर पहुंचे और दोनों चाकू दिखाकर पुत्री को आंगन में घसीट ले गए। विरोध करने पर उसके कपड़े फाड़कर दुष्कर्म का प्रयास किया। बेटी के शोर मचाने पर पत्नी और बेटा घर के अंदर पहुंचे।
तभी आरोपी पीछे के दरवाजे से तालाब में कूदकर भाग निकले। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची। पिता ने आरोप लगाया कि पुलिस ने कई बार तहरीर बदलवाई है। प्रभारी निरीक्षक जयचंद भारती ने बताया कि पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता को मेडिकल के लिए भेजा गया है।