फतेहपुर। आरटीओ कार्यालय के सामने खड़े कंटेनर में शुक्रवार भोर डीजे वाहन टकराने में छात्र समेत दो लोगों की मौत हो गई। बाकी सवार मौके से भाग निकले। पुलिस ने क्रेन की मदद से फंसे शवों का बाहर निकाला और पोस्टमार्टम कराया है। हादसे के बाद चालक भाग निकला।
कानपुर नगर नरवल थाना क्षेत्र के हृदयखेड़ा गांव निवासी गोपाल उर्फ गगन (17) जसरा गांव में बरात में शामिल होने खागा कोतवाली क्षेत्र के रग्घुपुर गांव आया था। रात को बहनोई के रिश्तेदार के डीजे से तड़के घर लौट रहा था। इसी वाहन में साढ़ थाना क्षेत्र के अरनझामी निवासी अनूप खान (27) , महेंद्र व चालक का होना बताया जा रहा है। डीजे वाहन आरटीओ कार्यालय के पास पहुंचा। डीजे वाहन खड़े कंटेनर में पीछे से टकरा गया।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त डीजे वाहन में फंसे गगन और अनूप खान को क्रेन की मदद से बाहर निकाला। दोनों को डॉक्टरों ने मृत घोषित किया । पुलिस को चालक व ऑपरेटर नहीं मिले। कोतवाल तारकेश्वर राय ने बताया कि डीजे वाहन तेज रफ्तार की वजह से टकराया है। वाहन में सवार अन्य हादसे के बाद डर की वजह से भाग निकले हैं। (संवाद)