ललौली। पिता के लिए खाना लेकर बुधवार को खेत जा रही किशोरी के साथ युवक ने दुष्कर्म की कोशिश की। शोर मचाने पर ग्रामीण एकत्र होने लगे तो आरोपी भाग गया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर देर शाम उसे गिरफ्तार कर लिया। किशोरी का आरोप है कि युवक की इन्हीं हरकतों से परेशान होकर वह सात दिसंबर से कॉलेज भी नहीं जा रही है।
थाना क्षेत्र में एक गांव की 17 वर्षीय किशोरी बुधवार सुबह पिता के लिए खेत खाना लेकर जा रही थी। पीड़िता की मां का आरोप है कि रास्ते में शिवाकांत ने बेटी को दबोच लिया और अश्लील हरकत कर खेत में घसीट ले जाने लगा।
शोर सुनकर आसपास के खेत पर मौजूद ग्रामीण पहुंच गए। इस पर आरोपी मौके से भाग गया। पीड़िता की मां ने पुलिस को बताया कि किशोरी सात दिसंबर से कॉलेज नहीं आ जा है। बेटी को गांव का शिवकांत कई दिन से पीछा कर परेशान करता है।
स्कूल जाते समय रास्ते में रोककर अभद्र टिप्पणी करता है। उसकी दहशत की वजह से बेटी ने तीन दिन से स्कूल जाना बंद कर दिया। प्रभारी निरीक्षक एसबी सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।