गाजीपुर। अनबन के कारण पति से अलग रहने वाली पत्नी ने गेहूं बंटवारे के विवाद में पेट्रोल डालकर पति को जिंदा जलाने का प्रयास किया। पति ने थाने में शिकायत की। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
थानाक्षेत्र के सुकेती गांव के दीपक श्रीवास्तव की शादी बांदा जनपद कमसिन थाना क्षेत्र के तेलौसा गांव की ज्योति से 10 वर्ष पहले हुई थी। तीन महीने से दीपक अनबन के कारण पत्नी व बच्चों रुद्र (7), अंश (5) से अलग अपनी बहन के यहां रह रहा है। दीपक अपनी बहन के साथ मंगलवार दोपहर पड़ोसी खेत बटाईदार के घर अपने हिस्से का गेहूं लेने गया था। जहां उसकी पत्नी भी पहुंच गई। वह साथ में पेट्रोल व माचिस भी लेकर पहुंची। गेहूं बंटवारे को लेकर दोनों के बीच विवाद होने लगा। पति का आरोप है कि पत्नी ने उस पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगने का प्रयास किया। बहन व पड़ोसियों ने बीच-बचाव किया। प्रभारी थानाध्यक्ष हरिनाथ सिंह ने बताया कि महिला को मौके से पेट्रोल व माचिस के साथ पकड़ा गया है। प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।