- सीएचसी से पहुंचे स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने वापस कराए रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
बिंदकी। ग्रामीणों के फर्जी हेल्थ कार्ड बनाने पहुंची तीन महिलाओं को आशा बहू ने पकड़ लिया। मौके पर हंगामा हो गया। महिलाओं के बारे में सीएचसी से जानकारी की। फर्जीवाड़े का पता लगा। सीएचसी कर्मचारियों ने ग्रामीणों का पैसा वापस कराया है।
कोतवाली के गुलाबपुर गांव में शुक्रवार को तीन महिलाएं हेल्थ कार्ड बना रही थी। हेल्थ कार्ड बनाने के नाम पर ग्रामीणों से पैसा भी लिया जा रहा था। ग्रामीणों को दिए जा रहे हेल्थ कार्ड पर इंटीग्रेटेड कम्यूनिटी अवेयरनेस हेल्थ एंड एनवायरमेंटल सोसायटी का नाम भी दर्ज था। इसकी जानकारी गांव की आशा बहू अरुणा देवी को हुई। उसने सीएचसी अधीक्षक डॉ. धर्मेंद्र सिंह को फोन किया और हेल्थ कार्ड बना रही टीम के बारे में जानकारी ली। अधीक्षक ने बताया कि ऐसी कोई भी टीम गांव नहीं गई है। ग्रामीणों ने तीनों महिलाओं को पकड़ लिया। सीएचसी से कर्मचारी गांव पहुंचे। सीएचसी से पहुंचे स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने ग्रामीणों का पैसा वापस कराया। कोतवाल एसबी सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।