- घायल बहादुर से पूछताछ में सामने आया
- घाटमपुर के वाहनोंं में पुलिस ने चस्पा कराए मृतक की फोटो के पोस्टर
संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर। जहानाबाद हादसे में जान गंवाने वाले दसवें शख्स की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शुक्रवार को अंतिम संस्कार कराया है। पुलिस कयास लगा रही कि मृतक घाटमपुर इलाके का रहने वाला हो सकता है।
जहानाबाद थाना क्षेत्र पर मुगलमार्ग हाईवे पर चिल्ली मोड़ के पास मंगलवार दोपहर टैंकर की टक्कर से 10 लोगों की मौत हुई थी। एक घायल बहादुर का उपचार जारी है। हादसे में इटावा जिले के फ्रेंड्स कालोनी थाना बंगाली कालोनी निवासी अनिल और उनकी पत्नी यशोदा, लव (छह माह), पुत्री पल्लवी, नाना अशर्फीलाल, घाटमपुर के ऑटो चालक अर्जुन सैनी, कानपुर देहात गजनेर निवासी फरहान, उनकी पत्नी शहनाज, पुत्री इनायत समेत 10 की मौत हुई थी। एक करीब 40 साल के व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी है। हादसे में इकलौता अनिल का ससुर बहादुर बचा था। वह कानपुर में भर्ती है।
जहानाबाद पुलिस बहादुर का बयान लेने कानपुर गई। घायल बहादुर ने पूछताछ में बताया कि जिसकी पहचान नहीं हो सकी, वह शख्स घाटमपुर से ऑटो में बैठा था। इससे पुलिस कयास लगा रही कि मृतक घाटमपुर और आसपास के इलाके का हो सकता है। पुलिस ने शिनाख्त के लिए घाटमपुर और आसपास के थानों में मृतक की फोटो पहुंचाई है। गुमशुदा लोगों के बारे में पड़ताल की है। घाटमपुर में विभिन्न रूटों पर आने-जाने वाहनों में मृतक का फोटोयुक्त पोस्टर चस्पा किया गया है। थानाध्यक्ष विनोद मिश्रा ने बताया कि डीसीआरबी के जरिए शव की फोटो जिले के सभी थानों और पड़ोसी जिलों में प्रसारित की गई है। मृतक के घाटमपुर के होने की आंशका है।