फतेहपुर। जवाहर नवोदय विद्यालय में शैक्षिक सत्र 2027-28 में कक्षा नौवीं और 11वीं में प्रवेश के लिए होने वाली लेटरल एंट्री सिलेक्शन टेस्ट 2027 के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर निर्धारित थी। अब पात्र विद्यार्थी 15 अक्तूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
नवोदय विद्यालय की प्राचार्य निधि उपाध्याय ने बताया कि कक्षा नौवीं और 11वीं में प्रवेश के इच्छुक पात्र विद्यार्थी निर्धारित पोर्टल के माध्यम से निशुल्क ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। दोनों कक्षाओं के लिए अलग-अलग आवेदन लिंक उपलब्ध हैं। अभिभावकों की सुविधा को देखते हुए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाई गई है।
उन्होंने बताया कि आवेदन से पहले विद्यार्थी और अभिभावक पात्रता, आयु सीमा, परीक्षा पैटर्न और अन्य दिशा-निर्देशों की जानकारी अवश्य कर लें। आवेदन के लिए किसी तरह का शुल्क नहीं लिया जाएगा।
अंतिम समय में वेबसाइट पर तकनीकी समस्या या अधिक भीड़ के कारण होने वाली परेशानी से बचने के लिए अभ्यर्थियों को समय रहते आवेदन पूरा करने की सलाह दी गई है। प्राचार्य ने कहा कि पात्र विद्यार्थी अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। लेटरल एंट्री सिलेक्शन टेस्ट 2027 की चयन परीक्षा 10 अप्रैल को आयोजित की जाएगी।