बाइक चोरी की दर्जनों घटनाओं को अंजाम दे चुका अंतर्जनपदीय गैंग के कई सदस्य पुलिस के हत्थे चढ़ गए। धरे गए तीन शातिरों के पास से पुलिस को दस बाइकें बरामद की हैं। पुलिस ने आरोपियों को जेल भेजने की कार्रवाई की है। थाना पुलिस को पांच हजार का पुरस्कार दिया गया है। वाहन चोरों का नेटवर्क जिले से लेकर पड़ोसी इलाहाबाद और कौशांबी तक फैला था।
पुलिस लाइन में एसपी अनीस अहमद अंसारी ने बताया कि चोरी के वाहनों से ही हत्या और लूटपाट की अधिकांश वारदातों को अंजाम दिया जाता है। घटनाओं को रोकने के लिए बाइक चोरी रोकने और चोरों को पकड़ने के लिए सभी थानों में अभियान चलाया जा रहा था।
अभियान के तहत खखरेरू एसओ मोहम्मद शरीफ खां कोट गांव किनारे ससुरखदेरी नदी के पास से मंगलवार रात को हैदर अली पुत्र जफर अली निवासी दशयीपुर थाना किशनपुर, सुनील कुमार ऊर्फ सनी पुत्र गंगा प्रसाद साहू निवासी अढ़ौली थाना धाता और नफीस ऊर्फ पल्लू पुत्र शब्बीर अहमद ऊर्फ ननकू निवासी गोपालपुर धाता को गिरफ्तार किया। कड़ी पूछताछ में कोट गांव में छिपाकर रखी चोरी की दस बाइकें बरामद हुई।
शातिरों ने पुलिस को बताया कि वह चोरी की बाइकें इलाहाबाद और कौशांबी से लेकर आते हैं। उनके गिरोह का इलाहाबाद में भी एक सक्रिय सदस्य है। उसके बारे में उन्हें भी अधिक जानकारी नहीं है। चोरी की बाइकों को जिले में चार माह बेच रहे हैं। पुलिस को बरामद बाइकों में दो हीरो हांडा हंक, अपाचे, हीरो पैशन प्रो, हीरो स्प्लेंडर, यमहा, हीरो हांडा सीडी डीलक्स, टीवीएस स्टार, हीरो हांडा बाइकें बरामद हुई है। एसओ खखरेरू मोहम्मद शरीफ खां और उनकी टीम को पांच हजार का इनाम दिया गया है।