फतेहपुर। सांप के डसने पर मरीजों को समय से उपचार उपलब्ध कराने के लिए 108 एंबुलेंस सेवा में एंटी स्नेक वेनम (सांप के जहर का असर रोकने वाली दवा) उपलब्ध कराई गई है। सर्पदंश की स्थिति में लोग 108 नंबर पर कॉल कर एंबुलेंस की मदद ले सकते हैं।
जिले में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के तहत 35 एंबुलेंस 108 सेवा और 33 एंबुलेंस 102 सेवा में तैनात हैं। इसके अलावा पांच एलएस (लाइफ सपोर्ट) एंबुलेंस भी उपलब्ध हैं। इन सेवाओं के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
सीएमओ डॉ. यूबी सिंह ने बताया कि सर्पदंश के मरीजों को त्वरित उपचार उपलब्ध कराने के लिए 108 एंबुलेंस में एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध कराई गई है। सांप के डसने की घटना होने पर परिजन 108 नंबर पर कॉल कर एंबुलेंस की मदद ले सकते हैं। हालांकि सर्पदंश के हर मामले में एंटी स्नेक वेनम देना जरूरी नहीं होता। चिकित्सकीय आकलन के बाद ही इसका इस्तेमाल किया जाता है।
सांप डस ले तो घबराएं नहीं, सिर्फ ये करें
सांप के डसने पर घबराने के बजाय तुरंत 108 पर सूचना देनी चाहिए। मरीज को कम से कम हिलने-डुलने दें और डसे गए अंग को स्थिर रखें। घाव को काटने, जहर चूसने या कसकर पट्टी बांधने जैसे उपायों से बचें। मरीज को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाना जरूरी है, जहां चिकित्सक की निगरानी में उपचार दिया जा सके।