तेजाब डालने से घायल हुए बिंदकी के कई सांड़
- फोटो : अमर उजाला
अन्ना सांड़ों पर कुछ अराजकतत्व जुल्म ढा रहे हैं। लोगों से नजर बचाकर इन बेजुबानों पर तेजाब फेंका जा रहा है। सोमवार को एक सांड़ की हालत देखने पहुंचे पशु चिकित्साधिकारी विजय प्रताप सचान ने इस पर चिंता जताई। उन्होंने एसडीएम को भी इसकी सूचना दी है और कहा अभियान चलाकर तेजाब से झुलसे सांड़ों का इलाज किया जाएगा।
नगर व नगर से लगे ग्रामीण क्षेत्रों में घूमने वाले कई सांड़ों के शरीर पर जख्म देखकर इलाकाई लोगों को उन पर तेजाब फेंके जाने का शक हुआ। सोमवार को एक सांड़ का इलाज पशु चिकित्साधिकारी से कराई गई तो उन्होंने बताया कि सांड़ पर किसी ने तेजाब फेंका है। यह बात फैली तो क्षेत्र में लोगों ने नाराजगी जताई। मां भगवती मानव कल्याण संगठन के जिला प्रभारी राम बिहारी शुक्ला, बजरंग दल के जिला संयोजक ओमजी गुप्ता, भाजपा युवा मोर्चा बिंदकी मंडल के अध्यक्ष मधुराज विश्वकर्मा, बउन गुप्ता, शशांक ओमर आदि इसे बेजुबानों पर पर जुल्म बताया। उनका कहना है कि एक पखवारे के अंदर अराजकतत्वों ने करीब आधा दर्जन सांड़ों पर तेजाब फेंका है।
किसी के मुंह तो किसी के गर्दन व शरीर पर तेजाब से जख्म हैं। इलाज न मिलने से कुछ सांड़ के जख्म में कीड़े पड़ गए हैं। इलाकाई लोगों ने प्रशासन से सांड़ाें का इलाज कराने व ऐसा करने वालों का पता लगाकर उसे पशु क्रूरता अधिनियम के तहत जेल भेजने की मांग की है।