फतेहपुर। जिले भर में 2,466 स्थानों पर होलिका दहन की तैयारी जोर-शोर से चल रही है। ऐसे में लोग अपने साथ ही सरकारी संपत्तियों का ख्याल रखना भूल गए हैं। इन स्थानों पर मिट्टी की परत व रेत नहीं बिछाई गई है। वहीं, पीडब्ल्यूडी और नगर पालिका की ओर से भी ऐसी कोई अपील लोगों से नहीं की गई है कि होलिका दहन किस तरह करें और किन नियमों का पालन करें।
शहर के वर्मा चौराहा, पटेलनगर, पत्थरकटा चौराहा, राधानगर, अशोक नगर, आबूनगर, बाकरगंज, रामगंज पक्का तालाब, ज्वालागंज, अंदौली पुलिया, वीआईपी रोड, नासिरपीर रोड पर होलिका दहन डामर वाली सड़कों पर होता है। इन स्थानों पर मिट्टी की परत नहीं बिछाई गई है। वहीं, ज्यादातर स्थान पर ऊपर से बिजली की लाइनें भी निकली हैं। ढीले तारों के नीचे आग लगने से तार टूटकर गिर सकते हैं। हालांकि होलिका लगाने से पहले बिजली विभाग ने जागरूक किया था।
पीडब्ल्यूडी अधिशासी अभियंता अनिल कुमार शील ने बताया कि होलिका लगाने से पहले रेत डालना चाहिए। इसके लिए कई स्थानों पर अवर अभियंताओं की टीम भेज कर लोगों से कहा भी गया है पर अधिकतर जगहों पर बिना रेत व मिट्टी डाले ही होलिका सजा दी गईं हैं।