बिंदकी। कस्बे में नगर पालिका व पुलिस टीम की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। स्थानीय व्यापारियों ने पालिका की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। लोगों ने दोहरा व्यवहार किए जाने का आरोप लगाया। अतिक्रमण के दौरान बर्तन व्यापारी और पुलिस के बीच नोकझोंक हो गई। पुलिस व्यापारी को गिरफ्तार कर कोतवाली ले आई। व्यापारियों के कोतवाली पहुंचने के बाद छोड़ा गया।
नगर पालिका टीम ने कस्बे के खजुहा चौराहे से बुधवार को अतिक्रमण अभियान की शुरूआत की। खजुहा चौराहे से होते हुए टीम लंका रोड पहुंची। नाले के ऊपर किए गए अतिक्रमण को तोड़ दिया गया। इस दौरान लंका रोड स्थित एक नगर पालिका कर्मचारी के नाले के ऊपर बने आवास की सीढ़ी और चबूतरा नहीं तोड़ा गया। पालिका का दस्ता अन्य लोगों पर कार्रवाई करते हुए आगे बढ़ गया। इस पर लोगों ने नाराजगी जाहिर की। इसके बाद पालिका की टीम ने फाटक बाजार से होते हुए बर्तन बाजार की ओर अभियान शुरू किया। बर्तन बाजार में एक दुकानदार से पुलिस व पालिका टीम की नोकझोंक हो गई। पुलिस ने व्यापारी की पिटाई कर दी और पकड़कर उसे कोतवाली ले गई। उसके बाद कई व्यापारी नगर पालिका टीम और पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए कोतवाली पहुंचे। काफी देर तक कोतवाली में हुई चर्चा के बाद पुलिस ने व्यापारी को छोड़ दिया।