फतेहपुर। ऊर्जा निगम के एमडी ने शांतिनगर विद्युत उपकेंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने ओटीएस योजना में अधिक से अधिक बकायेदारों का बिल जमा कराने के निर्देश दिए। ओटीएस योजना का लक्ष्य पूरा न करने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई की बात कही। वहीं उपकेंद्र के ट्रांसफॉर्मरों की मरम्मत का निर्देश दिया।
शनिवार दोपहर ऊर्जा निगम प्रयागराज के एमडी शंभु कुमार शहर पहुंचे। इसके बाद अधीक्षण अभियंता प्रमोद अग्निहोत्री के साथ शांतिनगर विद्युत उपकेंद्र का दौरा किया। उन्होंने ट्रांसफॉर्मरों और उपकेंद्र के उपकरणों का निरीक्षण भी किया। इस दौरान ट्रांसफॉर्मरों से तेल बहता मिला। इस पर नाराजगी जताई और कहा कि फरवरी में शुरू होने वाले अनुरक्षण माह में सभी ट्रांसफॉर्मर दुरुस्त कराए जाए। ढीले तारों को सही करें और फीडरों को दुरुस्त कराएं।
बिजली के बड़े बकाएदारों का तुरंत कनेक्शन काटे। उन्हाेंने कर्मचारियों से कहा कि दो दिन में ओटीएस योजना समाप्त हो जाएगी। इस दौरान अधिक से अधिक बकायेदारों को इसका लाभ दिलाएं और बिल जमा कराएं। इस दौरान अधिशासी अभियंता राजमंगल सिंह, एसडीओ मयंक वर्मा, जेई अमरबहादुर यादव सहित समस्त लाइन स्टाफ मौजूद रहा।