खन्ना (महोबा)। ब्लॉक कबरई की ग्राम पंचायत ग्योड़ी के सिद्धनडेरा के स्कूली बच्चों के कलक्ट्रेट में प्रदर्शन के बाद प्रशासन की नींद टूट गई। नायब तहसीलदार के नेतृत्व में गांव पहुंची राजस्व टीम को बदहाल मार्ग की हकीकत मिली।
निरीक्षण के दौरान लेखपाल कीचड़ युक्त मार्ग में फिसलकर गिर गए तो वह बोले वाकई सड़क खराब है। ग्रामीणों का कहना था कि जब लेखपाल ही मार्ग पार नहीं कर सके तो छोटे-छोटे बच्चे स्कूल कैसे जाएं। मार्ग को चलने योग्य बनाने के लिए अधिकारियों ने माैरंग डलवाने का काम शुरू कर दिया है। सिद्धनडेरा के 100 से अधिक छात्र-छात्राओं और अभिभावकों ने सोमवार को सड़क निर्माण की मांग को लेकर कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया था। बच्चों ने कीचड़युक्त मार्ग से विद्यालय आने-जाने के दौरान होने वाली परेशानी अफसरों को बताई थी। कोई कार्रवाई न होने पर सुबह रोज की तरह फिर बच्चे कीचड़ युक्त रास्ते से स्कूल पहुंचे। इससे नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार की सुबह बदहाल सड़क पर प्रदर्शन कर नारेबाजी की।
कुछ देर बाद नायब तहसीलदार बृजेश कुमार, कानूनगो संदीप कुमार व लेखपाल पुष्पेंद्र कुशवाहा सिद्धनडेरा पहुंचे और गांव व स्कूल जाने वाले मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान चल रहे लेखपाल कीचड़ युक्त सड़क में फिसलकर गिर गए। तब ग्रामीणों ने उन्हें उठाया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को सड़क बदहाल मिली। ग्रामीण परमात्मादीन, अशोक, गंगादीन, शिवरतन, सोहित, सियारानी आदि ने बताया कि सिद्धनडेरा के लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। अधिकारियों ने सड़क को चलने योग्य बनाने का आश्वासन दिया है।नायब तहसीलदार का कहना है कि मार्ग पर मोरम डलवाकर उसे चलने योग्य बनवाया जा रहा है। बारिश के बाद एस्टीमेट तैयार कराया जाएगा।