बिंदकी(फतेहपुर)। कोतवाली क्षेत्र के ललौली रोड स्टेट बैंक शाखा के पास सोमवार शाम डंपर से कुचलकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। इससे पहले बाइक सवार फल के ठेले से भिड़ा, जिससे फल दुकानदार भी गंभीर घायल है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी पहुंचाया। उसे बाद में जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
ललौली थाना क्षेत्र के कोर्राकनक निवासी धर्मराज सोनकर का बेटा महेंद्र उर्फ छेदीलाल (32) बिंदकी में किराए का कमरा लेकर छोटा चार पहिया वाहन चलाता था। सोमवार शाम ललौली रोड पर बिना हेलमेट लगाए बाइक से स्टेट बैंक की ओर जा रहा था। वह नगर के जहानपुर निवासी दुकानदार कैलाश (55) के फल के ठेले सेे
टकराकर रोड पर जा गिरा। इसी दौरान तेज रफ्तार ललौली की तरफ जा रहा डंपर कुचलता हुआ निकल गया। दुर्घटना होते ही आसपास मौजूद लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। दुर्घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइक सवार और फल दुकानदार को सीएचसी पहुंचाया। बाइक सवार को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल फल दुकानदार को जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। कोतवाली के एसएसआई शंहशाह ने बताया कि अभी परिजनों से घटना की तहरीर नहीं मिली है। चालक के परिजनों को सूचना भेजी गई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।