फतेहपुर। खागा कोतवाली क्षेत्र के किशनपुर रोड पर रविवार रात एक बाइक हरदों गांव के पास अनियंत्रित होकर खड्ड में जा गिरी। हादसे में पेड़ से टकराकर बाइक सवार मिस्त्री की मौत हो गई। घरवालों को पता सुबह चला।
कोतवाली क्षेत्र के टेसाही बुजुर्ग गांव निवासी शिवदर्शन का बेटा मूलचंद्र (40) किसान के साथ टिन शेड मिस्त्री भी थे। रविवार सुबह बाइक से बहन के घर उकाथू गांव गए थे। रात नौ बजे लौटते समय यहां हादसा हो गया। सुबह लोगों ने सड़क किनारे खड्ड में शव पड़ा होने पर पुलिस को सूचना दी। सिर में चोट और पैरों के पास एक
हथौड़ी पड़ी होने से लोगों ने हत्या का भी शक जताया। हालांकि पुलिस पहुंची और इसे सड़क हादसा मानते हुए शव को कोतवाली ले आई। युवक की शिनाख्त नहीं हो पा रही थी। उधर, मूलचंद्र के घर न पहुंचने पर परिवार बेचैन था। सुबह किसान के भांजे बुधेश ने फोन किया लेकिन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद सुबह 9.30 बजे फोन किया तो कोतवाल ने फोन रिसीव किया। उन्होंने घटना की सूचना दी। कोतवाली पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त
की। घटना की जानकारी होने पर किसान की पत्नी शांती, बेटी निशा (18), बेटा राष्ट्रदीप, विश्वदीप का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया। छोटे भाई लालचंद्र और बबलू भी खेती किसानी करते हैं। भांजे ने बताया कि मामा टीन छाने का काम भी करते थे। बहन ने अपने यहां टीन छाने के लिए बुलाया था। इसीलिए वह घर से हथौड़ा लेकर आए थे। वही हथौड़ा मौके से बरामद हुआ है। कोतवाल सत्येंद्र सिंह ने बताया कि भांजे की तहरीर पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।