थरियांव (फतेहपुर)। थरियांव हथगाम मार्ग पर तेज रफ्तार टेंपो चालक ने रविवार सुबह दरवाजे पर खड़े किसान को टक्कर मार दी। घायल की कानपुर ले जाते समय मौत हो गई। उधर, हादसे के बाद चालक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पड़ी लकड़ी के ढेर से टकरा गया। ग्रामीणों ने चालक की पिटाई की और पुलिस को सौंप दिया।
थरियांव थाने के रामपुर थरियांव गांव निवासी रामसुमेर पाल (50) किसान थे। वह सुबह घर के बाहर खड़े थे। बेटे धर्मेंद्र ने बताया कि संवत गांव की ओर टेंपो चालक सवारी लेकर आ रहा था। तेज रफ्तार में होने के कारण
दरवाजे के पास चालक अनियंत्रित हो गया। तभी टेंपो चालक ने पिता को टक्कर मार दी। हादसा देखकर वह लोग दौड़कर पहुंचे। पिता को गंभीर चोट आई। टेंपो सूखे पेड़ की पड़ी डाल में टकराने के बाद रुक गया था। घायल
को परिजन जिला अस्पताल लेकर आए। डाक्टर ने कानपुर रेफर किया। कानपुर ले जाते समय ही रास्ते में सांसे थम गई। धर्मेंद्र ने बताया कि टेपों चालक भोला निवासी संवत को ग्रामीणों ने पकड़ा है। उसे पुलिस को सौंपा गया
है। उससे छोटा भाई राजेंद्र है। मां की कई साल पहले मौत हो गई थी। घर में बुजुर्ग पिता ही थे। थानेदार संतोष शर्मा ने बताया कि दुर्घटना की रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।