फतेहपुर। कानपुर से प्रयागराज दूध लेकर जा रही डीसीएम सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में चालक की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कन्नौज जनपद के ठठिया थानाक्षेत्र के मदनापुर गांव निवासी बलवान (30) कानपुर जनपद के चौबेपुर स्थित एक दूध कंपनी में डीसीएम चालक था। वह रोजाना डीसीएम में दूध के पैकेट लेकर रात को प्रयागराज जाता था।
शुक्रवार रात करीब दो बजे वह रोज की तरह डीसीएम लेकर प्रयागराज जा रहा था। जैसे ही वह शहर के लखनऊ बाईपास चौराहे पर पहुंचा तभी सड़क किनारे खडे़ एक ट्रक से डीसीएम की टक्कर हो गई। हादसे में बलवान की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने पुलिस को बताया कि वह मौके पर पहुंचे और डीसीएम से शव को बाहर निकाला। माना जा रहा है कि चालक को नींद आने पर यह हादसा हुआ है।