प्रेमनगर। सुल्तानपुर घोष थानाक्षेत्र के प्रेमनगर के पास अनियंत्रित कार ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गनीमत रही कि बाइक चालक ने हेलमेट पहन रखा था। घायल को पुलिस सीएचसी हथगाम लेकर गई, जहां से उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कौशांबी के सरांय अकिल थानाक्षेत्र के बसुहार गांव निवासी नथईलाल का बेटा रोहित सेन (23) हथगाम की तरफ जा रहा था। तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि बाइक सवार कार के शीशे से टकराते हुए खंती में जा गिरा।
उसे हथगाम सीएचसी ले जाया गया, जहां से उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। युवक का दाहिना पैर व दोनों हाथ टूट गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार में दूल्हा सहित चार से पांच लोग सवार थे। सबी लोग कार छोड़कर भाग निकले। थानाध्यक्ष एके मिश्र ने बताया कि कार को कब्जे में लिया गया है। मामले में परिजनों ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है।