बिंदकी। मोबाइल रिपेयरिंग कराकर सड़क किनारे बाइक लेकर खड़े दो युवकों को तेज रफ्तार ट्रक रौंदता हुआ निकल गया। जबकि उनका एक साथी घायल हो गया। हादसा होते ही लोग दौड़ पड़े और सड़क पर लहूलुहान पड़े युवकों को लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां दो को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि तीसरे का इलाज शुरू हुआ। पुलिस ने चालक और ट्रक को पकड़ लिया है। परिजनों को खबर मिली तो कोहराम मच गया।
बिंदकी कोतवाली के जबरापुर गांव निवासी संजय (21), राजू (25) व अरविंद (25) तीनों एक बाइक से भवानीपुर गांव मोबाइल रिपेयरिंग कराने आए थे। मोबाइल रिपेयर कराने के बाद संजय व राजू बाइक लेकर बांदा-सागर हाईवे पर सड़क किनारे बात कर रहे थे। अरविंद भी वहीं खड़ा था।
शाम करीब साढ़े चार बजे बिंदकी से ललौली की ओर जा रहे एक खाली ट्रक ने बाइक पर बैठे संजय और राजू को रौंद दिया। जबकि ट्रक की चपेट में आने से अरविंद घायल हो गया। हादसा देख लोग जमा हो गए और उन्होंने तुरंत संजय व राजू को ट्रक के नीचे से निकाला और वाहन से सीएचसी बिंदकी पहुंचाया।
जहां डाक्टर ने संजय और राजू को मृत घोषित कर दिया। जबकि अरविंद का इलाज किया। पहचान होने पर उनके घर में सूचना दी तो कोहराम मच गया। परिजन बदहवास हालत में बिंदकी अस्पताल पहुंचे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बिंदकी इंस्पेक्टर रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि चालक और ट्रक को पकड़ लिया गया है।