जहानाबाद। कानपुर कुढ़नी हनुमान मंदिर से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्राली मंगलवार शाम अनियंत्रित होकर खंती में पलट गई। हादसे से चीख पुकार मच गई। एक दूसरे पर लोग गिरे। बच्चे दब गए। हादसा देखकर आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से दबे घायलों को बाहर निकाला जा सका। करीब 14 लोग गंभीर रूप से घायल हुए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। नौ को हैलट रेफर किया गया है।
हादसा जहानाबाद के आशा देवी मंदिर के पास हुआ। जाफरगंज के गांव रुसिया गांव के करीब 30 लोग दर्शन कर लौट रहे थे। हमीरपुर जिले के परक्षट निवासी सोनी पत्नी बल्लू अपने मायके रुसिया गांव आई थीं। वह बच्चे के मुंडन संस्कार के लिए कुढ़नी धाम हनुमान मंदिर ग्रामीणों के साथ गई थीं। ट्रैक्टर ट्राली गांव के रिशू की थी और वही चला रहा था।
रिशू ने बताया कि आशा देवी मंदिर दारागंज मोड़ पर ब्रेक फेल होने से ट्रैक्टर अनियंत्रित हुआ और ट्राली के साथ खंती में पलट गया। हादसे में पूजा, गौरी, सुमित्रा, सोनी, गुड़िया, गौरव, राज, संध्या देवी, प्रतिभा निवासी रुसिया थाना जाफरगंज, श्रीमती निवासी जहानाबाद, सुनैना देवी निवासी परक्षट हमीरपुर, अनीता निवासी गौरा थाना जाफरगंज, गीता निवासी मौदहा हमीरपुर, मलखान पौथिया निवासी हमीरपुर घायल हो गईं।
इन्हें जहानाबाद सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से पूजा, गौरी, सुमित्रा, सोनी, गुड़िया, गौरव, राज, संध्या देवी, प्रतिभा को कानपुर हैलट रेफर किया गया। कारागार मंत्री जय कुमार जैकी के प्रतिनिधि कैलाश सीएचसी में घायलों का हाल जानने पहुंचे। थाना प्रभारी राकेश पांडेय ने बताया कि गंभीर घायलों को हैलट रेफर किया गया है।