सुशील कुमार की फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
फतेहपुर। अम्बल बाबा मेला कसरांव से नौटंकी देखकर लौट रहे चार युवक हादसे का शिकार हो गए। इसमें एक की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा रविवार की रात हुआ।
हथगाम थानाक्षेत्र के अलौदीपुर गांव निवासी राजाराम का बेटा सुशील (18) क्षेत्र के मोहलिया गांव में रहने वाले साथी मिथलेश (20), मनीष (21) व नरेश (19) के साथ रविवार की रात बाइक से कसरांव गांव स्थित अम्बल बाबा के मेले में नौटंकी देखने गया था। देर रात रात करीब 12 बजे चारों एक ही बाइक से लौट रहे थे। पलिया गांव के सामने वाटिका मैरिज हाल के पास उन्होंने सड़क पार कर रहे एक युवक को टक्कर मार दी। इसके बाद बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे में सुशील की मौत हो गई। उसके तीन साथी घायल हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को हादसे की खबर दी । घायलों को फतेहपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।