फतेहपुर। पहली जुलाई से अंग्रेजी माध्यम से 65 और स्कूल संचालित करने की तैयारी है। इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने प्रत्येक बीईओ से पांच और परिषदीय स्कूलों की सूची मांगी है। इस तरह चालू सत्र में अंग्रेजी माध्यम से संचालित होने वाले स्कूलों की संख्या जिले में 225 हो जाएगी।
बेसिक शिक्षा विभाग ने अंग्रेजी माध्यम से परिषदीय स्कूलों के संचालन का प्रयोग 2017-18 में शुरू किया था। जिले में आदर्श प्राथमिक मसवानी नगर क्षेत्र और बहुआ ब्लाक क्षेत्र का प्राथमिक स्कूल करसूमा में यह व्यवस्था
लागू की गई थी। इसके बाद 2018-19 में 64 प्राथमिक स्कूल अंग्रेजी माध्यम से चालू किए गए। 2019-20 में फरवरी महीने में 19 उच्च प्राथमिक और 75 प्राथमिक विद्यालयों को अंग्रेजी माध्यम से संचालित करने के लिए सूचीबद्ध किया गया। लोक सभा चुनाव के कारण इनमें पढ़ाने के लिए शिक्षक चयन प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई थी। शिक्षक चयन के आवेदन प्रक्रिया अब पूरी हो चुकी है। चयन परीक्षा 25 जून को राजकीय इंटर कालेज फतेहपुर में होनी है।
शुक्रवार को शासन ने जिले में अंग्रेजी माध्यम से 65 और स्कूल संचालित करने का आदेश जारी कर दिया। यह स्कूल भी जुलाई महीने से चालू होंगे। इसके लिए बीएसए शिवेंद्र प्रताप सिंह ने सभी बीईओ से पांच-पांच स्कूलों की सूची तीन दिन के अंदर मांगी है। बीएसए ने बताया कि चालू महीने में अंग्रेजी माध्यम से संचालित करने के लिए स्कूलों का चयन कर लिया जाएगा। सूची मिलते ही शिक्षक चयन प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। सप्ताह के अंदर आवेदन जमा कराने के बाद मध्य जुलाई तक परीक्षा के माध्यम से शिक्षकों का चयन कर नियुक्ति कर दी जाएगी। उन्होंने सभी बीईओ को जल्द से जल्द चयनित स्कूलों की सूची कार्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
जिले में 26 मॉडल स्कूल बनेंगे
फतेहपुर। जिले में 26 परिषदीय स्कूलों को मॉडल बनाया जाएगा। जिले के 13 ब्लाकों में दो-दो स्कूलों की चयन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इन्हें मॉडल बनाने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने शासन को बजट के लिए प्रस्ताव भेजा है। डीसी निर्माण एमपी वर्मा ने बताया कि शासन से बजट मिलने के बाद चिन्हित स्कूलों का अत्याधुनिक संसाधनों से लैस किया जाएगा।