धाता। भैंस नहलाने में जलभराव और पानी की छींटे घर में जाने को लेकर बृहस्पतिवार को दो पक्षों में कहासुनी हो गई। इसी खुन्नस में युवक पर देर शाम पिता-पुत्रों ने लोहे की रॉड और चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इसमें युवक का गला कट गया। गंभीर हालत में युवक का प्रयागराज स्थित अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर पिता-पुत्रों को गिरफ्तार किया है।
थाना क्षेत्र के दक्षिण खास मोहल्ला निवासी अंकित द्विवेदी (24) घर से 20 मीटर दूर धीरेंद्र प्रताप तिवारी के दरवाजे के पास अपनी जगह पर भैंस बांधता है। कुछ दिन पहले धीरेंद्र प्रताप ने गिट्टी दरवाजे पर डलवाई है। यहां अंकित भैंस को नहला रहा था।
धुलाई के समय गिट्टी के ढेर की वजह से धीरेंद्र के दरवाजे पर जलभराव होने लगा। पानी की छींटे भी धीरेंद्र के घर में पड़ रही थीं। इस पर धीरेंद्र के पुत्र योगेश तिवारी, सचिन तिवारी का अंकित से विवाद होने लगा। ग्रामीणाें ने दोनों पक्ष को शांत करा दिया।
मवेशियों को देर शाम अंकित चारा डालकर लौट रहा था। अंकित की मां अर्चना ने बताया कि बेटे को रास्ते में ही धीरेंद्र प्रताप तिवारी, योगेश और सचिन ने घेर लिया। तीनों ने गाली-गलौज कर बेटे पर चाकू और रॉड से हमला किया।
इससे बेटे का सिर फट गया और चाकू से गला कट गया। लोगों की मदद से अंकित को सीएचसी धाता में भर्ती कराया गया। डॉक्टर ने हालत नाजुक होने पर उसे प्रयागराज रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष योगेश कुमार सिंह ने बताया कि मां की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या की कोशिश, गाली-गलौज, धमकी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। तीनों को गिरफ्तार किया गया है।
पिता की हत्या के बाद छोड़ा था गांव
अंकित का परिवार मूलरूप से थाना क्षेत्र के ही किशनपुर गांव का निवासी है। मां अर्चना ने बताया कि अंकित के पिता पंकज द्विवेदी की करीब 15 साल पहले गांव किनारे हत्या कर दी गई थी। तभी से रंजिश के चलते वह बेटे को लेकर धाता कस्बे में रहने लगी। पति के बाद अब बेटे पर जानलेवा हमला हुआ है।