फतेहपुर। भूत-प्रेत का झांसा देकर तांत्रिक ने महिला से तीन लाख रुपये की ठगी कर ली। गाजीपुर पुलिस ने तांत्रिक के खिलाफ रविवार को रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना क्षेत्र के कस्बा निवासी सुनीता देवी ने पुलिस को बताया कि वह तीन माह पहले मायके बंवारा गांव आईं थीं। गांव में ही एक तांत्रिक से उसकी मुलाकात हुई। तांत्रिक ने अपना नाम बड़े बाबा और डंगरिया गांव का निवासी बताया। तांत्रिक ने उस पर भूत-प्रेत का साया बताया, जिसे हटाने के लिए रुपयों की मांग की। धीरे-धीरे तांत्रिक ने नकद दो लाख और एक लाख रुपये बैंक खाते में ऑनलाइन ले लिए।
कुछ समय बीतने के बाद उसे धोखाधड़ी का पता लगा। इस पर उसने तांत्रिक से रुपये वापस मांगे। तांत्रिक ने अपना एक बीघा खेत उसके नाम करने की बात कहकर लौटा दिया। तांत्रिक ने न तो खेत का बैनामा किया और न ही रुपये लौटाए। थानाध्यक्ष प्रमोद मौर्या ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर तांत्रिक की तलाश की जा रही है।