फतेहपुर। जिलास्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक शुक्रवार को डीएम निधि गुप्ता वत्स और एसपी अभिमन्यु मांगलिक की अध्यक्षता में हुई। डीएम ने ओवरलोड वाहनों, बिना परमिट व फिटनेस वाले विद्यालयी वाहनों पर विशेष अभियान चलाने को कहा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालन अनुज्ञप्ति निरस्त करने तथा अवैध हूटर व साइलेंसर पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
डीआईओएस को वाहन सुरक्षा समिति की बैठक कराने और छात्रों को जागरूक करने को कहा गया। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को अवैध प्रचार सामग्री हटाने तथा पीडब्ल्यूडी को संपर्क मार्गों पर गति अवरोधक व संकेतक लगाने के निर्देश मिले। नाबालिग ई-रिक्शों पर कार्रवाई तथा बहुआ-गाजीपुर मार्ग पर ऊंचाई अवरोधक व सीसीटीवी कैमरे लगाने को भी कहा गया।
एसपी ने बिना हेलमेट, सीट बेल्ट, नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ अभियान चलाने को कहा। श्रावण मास में यातायात मार्ग परिवर्तन और सड़क किनारे अवैध पार्किंग पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। नशे में वाहन चलाने वालों के चालन अनुज्ञप्ति जब्त कर एआरटीओ को भेजने को कहा गया।