प्रेमनगर। दो साल पहले करोड़ों की लागत से बनकर तैयार हुई बुदवन, बरक्कतपुर सड़क ओवरलोड भारी वाहनों के निकलने से जगह-जगह धंस गई है। इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी उठानी पड़ रही है।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत जीटी रोड कटोघन मोड़ के पास से निकली बुदवन, बरक्कतपुर, अल्लीपुर भादर, प्रेमनगर की 12 किलोमीटर की सड़क का चौड़ीकरण दो साल पहले शुरू हुआ था। लगभग 12 करोड़ 86 लाख रुपये खर्च करके जुलाई 2024 में सड़क का निर्माण पूरा हुआ। भारी वाहनों के आवागमन से प्रेमनगर व अल्लीपुर भादर स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास तीन जगहों पर सड़क धंस चुकी है। दो सप्ताह पहले दो भारी वाहन फंसने से स्कूली बच्चों को मजबूरन घर लौटना पड़ा था। हर दिन जाम से आजिज वाहन चालक अब दूसरे रास्ते से आवागमन करने पर मजबूर हैं। यह चालक खागा के नौबस्ता से सड़क में प्रवेश कर चौकी चौराहा, प्रेमनगर, अफोई होते हुए निकल रहे हैं। इन सड़कों से भारी वाहन निकलने पर हादसे भी बढ़ गए हैं। चार दिन पहले प्रेमनगर में गिट्टी लदे ओवरलोड डंपर का टायर फटने से सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई। करीब आठ माह पहले चौबे की सरायं गांव में गिट्टी से लदा डंपर घर पर पलट गया था, जिसमें एक महिला की मौत व दो लोग घायल हो गए थे। इसके बाद भी सड़क की मरम्मत व डायवर्जन पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।