फतेहपुर। लखनऊ रोड स्थित दीपक ट्रेडर्स मिल के बाहर सोमवार रात बाइक सवार की टक्कर से मजदूर बाबू सिंह यादव (62) गंभीर रूप से घायल हो गए। मिल प्रशासन घायल मजदूर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टर ने हालत नाजुक देखकर कानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। रास्ते में बाबू सिंह यादव ने दम तोड़ दिया।
बाबू सिंह सदर कोतवाली क्षेत्र के मुराइनटोला निवासी थे। परिजन शव को ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखकर मंगलवार को मिल के बाहर पहुंचे। परिजनों ने हंगामा काटा। परिजन संतोष कुमार ने आरोप लगाया कि हादसे से पहले मिल में काम के दौरान बाबू सिंह यादव की किसी कर्मी से मारपीट हुई थी। इसके बाद वह जान बचाने के लिए सड़क की ओर दौड़े, तभी बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। बेटी ऊषा यादव ने बताया कि मिल प्रबंधन शव रात को घर पर छोड़कर चले गए थे। हादसे की पूरी जानकारी तक नहीं दी गई। कोतवाल तारकेश्वर राय ने बताया कि बेटी के प्रार्थना पत्र पर शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।