चौडगरा (फतेहपुर)। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के मौहार के मजरे कनैरी गांव में बुधवार दोपहर घर के बाहर होली खेल रहे बच्चे को गांव के ही बाइक सवार की टक्कर लग गई। इस पर ग्रामीणों ने बाइक सवार भाई-बहन को कमरे में बंधक बना लिया। जानकारी पर दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले और पथराव हुआ। पुलिस से ग्रामीणों की तीखी झड़प हुई। पुलिस ने भाई-बहन को छुड़ाया। पुलिस ने 32 नामजद और 14 अन्य के खिलाफ बलवा, मारपीट समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पथराव में चार लोग घायल हो गए। इनमें दोनों पक्षों के 16 आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। यहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
मौहार के मजरे कनैरी गांव निवासी नौ वर्षीय कपिल पुत्र मोनू सोनकर होली पर घर के बाहर रंग खेल रहा था। गांव का बाइक सवार कुलदीप बहन सोनम को लेकर बाइक से कहीं जा रहा था। तभी बाइक की टक्कर से कपिल गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे को देखकर एक पक्ष के लोग भड़क उठे और बाइक सवार भाई-बहन को कमरे में बंधक बना लिया।
कुछ ही देर में बाइक सवार पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए और दोनों पक्षों में कहासुनी और पथराव शुरू हो गया। घटनास्थल पर सीओ गौरव शर्मा समेत कई थानों का फोर्स पहुंचा। पुलिस के पहुंचने पर भी ग्रामीणों ने झड़प जारी रखी। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद हालातों में काबू पाया और बंधकों को छुड़वाया।
हादसे और पथराव में कपिल के अलावा उसके पिता ननका, और दूसरे पक्ष के दो अन्य लोग घायल हुए। घायलों को सीएचसी बिंदकी में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने जांच के बाद एक पक्ष से रोहित, मोहित, राहुल, कुलदीप, नर्मदे, रामखेलावन, रमेश, बंदी, शिव कुमार, अमर, खलासी, अंकुश, ऋषि, पप्पू, ननका, मिथिलेश, लक्ष्मी, पिंटू व सात अन्य और दूसरे पक्ष के मोनू, सोनू, अजय, सुनील, प्रिंशू, अंशू उर्फ शिवेश, छोटू, लसई, छोटू, संतोष, मनोज, शालू, रज्जन, अनुराग व सात अन्य के खिलाफ बलवा, मारपीट समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
थानाध्यक्ष सुमित देव पांडेय ने बताया कि दोनों पक्ष नशे में थे और विवाद के दौरान दोनों ओर से हिंसा की गई। कुल 16 आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट के आदेश पर जेल भेजा गया। पुलिस मामले की जांच जारी रखे हुए है और सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर रही है।
फोटो-26-कनैरी गांव में घायल ननका। संवाद
फोटो-26-कनैरी गांव में घायल ननका। संवाद