बकेवर। देवमई ब्लॉक के कृपालपुर बिंधा से भैरमपुर गांव तक 27.30 करोड़ से 151 मीटर लंबा पुल रिंद नदी पर बनेगा। इससे करीब 40 गांवों के ग्रामीणों के आने-जाने का रास्ता सुगम हो जाएगा। पुल न बना होने से छात्रों, ग्रामीणों समेत अन्य लोग आवागमन के लिए नाव का इस्तेमाल करते हैं। सबसे ज्यादा परेशान ग्रामीणों को बारिश के मौसम में होती थी।
बीते वर्ष जून में कलावती और सीमा देवी ने अन्य महिलाओं के साथ लालू मिस्त्री के सहयोग से बच्चों की आवाजाही को देखते हुए बांस और लकड़ी का अस्थायी पुल रिंद नदी पर तैयार किया था। इसमें करीब अस्सी हजार रुपये खर्च हुए थे। जब इस मुद्दे को समाचार पत्र ने प्रमुखता से उठाया तो प्रशासन ने अस्थायी पुल को हटवाते हुए स्थायी पुल निर्माण का आश्वासन दिया था। समाजसेवी रोहित उमराव के प्रयासों से विधायक राजेंद्र सिंह पटेल ने इसे शासन से स्वीकृत कराया और सोमवार को भूमि पूजन व शिलान्यास किया।
विधायक राजेंद्र सिंह पटेल ने बताया कि रिंद नदी पर कृपालपुर से भैरमपुर तक 27.30 करोड़ से 151 मीटर लंबा और नौ मीटर चौड़ा पुल बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य पूरा होने में लगभग दो वर्ष का समय लगेगा। इस मौके पर उन्होंने साहसी महिलाओं को सम्मानित भी किया। कार्यक्रम में अजय पटेल, सिपू शिवहरे, लखन वर्मा, राम नारायण प्रधान, रामगोपाल निषाद, राम प्रताप निषाद, दिनेश निषाद, अनसूया, राधा, छोटे, राम शंकर, रमेश प्रधान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
40 गांव के लोगों को होगा फायदा
कृपालपुर से भैरमपुर पुल बनने से टरुआपुर, सैहमलपुर, बचनीपुर, बसफारा, देवरी, शिवपुरी, खजुरीहा, रोटी, उडदापुर, नसेनिया, पनेरूवा, अरगल, भैरमपुर, जवाहरपुर, विधा, बिजुरी, पाही, जगदीशपुर, कश्मीरीपुर, दुबेपुर, हरदासपुर, रामपुर कृष्णापुर, अकबराबाद सहित देवमई ब्लॉक के करीब 40 गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा। अभी तक ग्रामीणों को देवमई ब्लॉक पहुंचने के लिए लगभग 20 किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ता है जो पुल बनने के बाद समाप्त हो जाएगा।
फोटो-35-पुल निर्माण के लिए भूमि पूजन करते विधायक राजेंद्र पटेल। संवाद
फोटो-35-पुल निर्माण के लिए भूमि पूजन करते विधायक राजेंद्र पटेल। संवाद
फोटो-35-पुल निर्माण के लिए भूमि पूजन करते विधायक राजेंद्र पटेल। संवाद