फतेहपुर। गेहूं क्रय केंद्रों पर किसानों का डंप गेहूं तौलाने व बकाया भुगतान की मांग को लेकर मंडी समिति स्थित क्रय केंद्र पर भाकियू के बैनरतले किसानों का बेमियादी धरना गुरुवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। धरने के दो दिन बीतने के बाद भी कोई प्रभावी कार्रवाई शुरू न होने से आक्रोशित किसानों ने कहा कि जल्द ही उनका गेहूं न तौला गया तो यह आंदोलन सड़क पर पहुंचेगा।
धरना दे रहे किसानों ने कहा कि तौल न होने से किसानों का हजारों क्विंटल अनाज क्रय केंद्रों में पड़ा बर्बाद हो रहा है। इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसानों ने सभी कांटे चालू कराकर क्रय केंद्रों में डंप गेहूं की तौल दो दिन में सुनिश्चित कराने की मांग की। धरना स्थल पर हुई सभा में किसानों ने आरोप लगाया कि बिचौलियों एवं व्यापारियों की दखल से छोटे कास्तकारों की अनदेखी की जा रही है। इसके अलावा किसानों ने बकाया भुगतान तुरंत कराने की मांग की। इस मौके पर भाकियू जिलाध्यक्ष राज कुमार सिंह, बीकेडी अध्यक्ष रामदत्त मिश्रा के अलावा देवनारायण पटेल, राजेंद्र सिंह, राकेश कुमार, प्रेम सिंह व ज्ञान सिंह समेत तमाम किसान मौजूद रहे।