खखरेरू(फतेहपुर)। पुलिस चौकी से महज कुछ कदम दूर ट्रैक्टर चालक लूट का शिकार हो गया। चालक सड़क किनारे ट्रैक्टर खड़ा कर खराबी दुरुस्त कर रहा था। लुटेरे ने ट्रैक्टर चालक को अपने दो साथियों संग तमंचे के बल पर लूट लिया। ट्रैक्टर की बैट्री, मोबाइल समेत 55 सौ रुपये लूट की तहरीर दी गई है। खखरेरू थाना क्षेत्र के कुल्ली गांव निवासी पप्पू सिंह का ट्रैक्टर रविवार को मड़इन घाट बालू लोड करने गया था। शाम को उक्त ट्रैक्टर घाट से लौट रहा था तभी शिवपुरी डिग्री कालेज के पास ट्रैक्टर की ट्राली की बेयरिंग टूट गई। ट्रैक्टर चालक शिव सिंह निवासी सैरपुर बेयरिंग ठीक कर रहा था। इसी दौरान शिवपुरी गांव का शहरयार पुत्र अजीज अहमद घोड़े में सवार होकर आया। बकौल ट्रैक्टर चालक, लुटेरे ने उसे तमंचा दिखाकर अपने साथी शिव बालक व जगलाल को भी बुला लिया। तीनों ने ट्रैक्टर का बैट्रा खोल लिया। इसके अलावा जेब में रखे 55 सौ रुपये और मोबाइल लूट लिये। थानेदार मनीष पांडेय ने बताया कि आरोपी फरार है। जल्द ही दबोच लिया जाएगा।