खागा। खखरेरू थानाक्षेत्र के भदौंहा गांव निवासी पिता विवाहित पुत्री के हत्या आरोपियों को सजा दिलाने के लिए इंसाफ की दुहाई दे रहा है। हत्यारों को सजा दिलाने के लिए वह हर चौखट पर पहुंच रहा है, लेकिन सीमा विवाद होने के बीच दो थानों की पुलिस उसकी सुनवाई नहीं कर रही है। गांव के ब्रजलाल ने बताया कि उसने अपनी पुत्री मीना देवी की शादी इसी वर्ष मई माह में कोतवाली क्षेत्र के ऐराना गांव निवासी रामप्रसाद के पुत्र राकेश कुमार के साथ की थी। ससुरालीजनों ने शादी के दो महीने बाद ही 50 हजार नकद, बाइक, सोने की चेन की मांग करने लगे। इंकार करने पर पुत्री को प्रताड़ित किया जाने लगा। कई बार पुत्री ने मायके में इसकी शिकायत भी की थी। सुलह समझौता भी हो गया था। इसके बाद भी ससुरालीजनों ने पुत्री का उत्पीड़न करना बंद नही किया था। पिता ब्रजलाल ने ससुरालीजनों पर आरोप लगाया कि पुत्री की इसी माह 8 तारीख को हत्या करके शव को कौशांबी जिले कनवार रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया था। घटना एफआईआर दर्ज कराने के लिए कौशांबी जिले के सैनी थाना और कोतवाली खागा में तहरीर दी, लेकिन दोनों पुलिस थानों में रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। पुलिस एक दूसरे के पास भेजकर मामले को हल्का करने में जुटी हुई है।