फतेहपुर। कल्यानपुर थाना क्षेत्र में एक युवक की शनिवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजन पोस्टमार्टम कराने से कतराते रहे हैं, जबकि जिला अस्पताल के डाक्टरों ने घटना को संदिग्ध बताया। थाना क्षेत्र के गौसपुर गांव निवासी लाल का 35 वर्षीय पुत्र मलखान की दोपहर को अचानक हालत बिगड़ गई थी। परिजन उसे लेकर बिंदकी सीएचसी पहुंचे। सीएचसी में डाक्टर ने हालत गंभीर देखकर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में डाक्टरों ने मलखान को मृत घोषित कर दिया और मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के चचेरे भाई मुकेश ने बताया कि वह कुछ सालों से बीमारी से पीड़ित रहता था। इसी वजह से अचानक हालत बिगड़ गई थी, जिसके कारण ही मौत हो गई है। मृतक के तीन बच्चे अंजलि, पवन और करन हैं। वह लोग शव का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते हैं। जिला अस्पताल के डाक्टरों ने बताया मामला संदिग्ध मालूम पड़ रहा है। पोस्टमार्टम होने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।