फतेहपुर। आंगनबाड़ी केंद्र आंबापुर मजरे बरईखुर्द के बैंक खाता से साढ़े 28 हजार रुपये निकल गए। पासबुक अपडेट करने के लिए बैंक पहुंची कार्यकत्री ने धोखाधड़ी का मामला उजागर होने पर बैंक परिसर में हंगामा किया। कार्यकत्री ने सोमवार को पुलिस मेें अज्ञात में मामला दर्ज कराया। थानेदार ने बताया कि तफ्तीश की जा रही है। थाना क्षेत्र के आंबापुर मजरे बरईखुर्द गांव के आंगनबाड़ी केंद्र कार्यकत्री आशा देवी पत्नी राम सिंह नियुक्त है। 27 जुुलाई को आशा देवी कस्बा स्थिति बैंक आफ बड़ौदा की शाखा पहुंची तो उसे बैंक खाते से रकम निकल जाने की जानकारी हुई। यह रकम दो किश्तों में पांच मई को 25 हजार व छह मई को साढ़े 3 हजार निकाली गई। खाता में केवल 1508 रुपए होने की जानकारी मिलने पर कार्यकत्री ने बैंक प्रबंधन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हल्ला मचाना शुरू कर दिया। बैंक कर्मी आशीष कुमार ने आंगनबाड़ी कार्यकत्री की गलती निकालते हुए चुप रहने को कहा। थानेदार ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करके पड़ताल की जा रही है। बैंक के अधिकारी से भी सहयोग मांगा गया है।