फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार की रात दो घरों में डकैतों का कहर बरपा। नकाबपोश बदमाशों ने बावरिया गिरोह के अंदाज में डंडों से एक घर के छह सदस्यों और दूसरे घर में दंपति को बंधक बनाकर बुरी तरह पीटा और लगभग पांच लाख रुपये नकदी व जेवरात लूटकर भाग गए। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीण घायलों को कोतवाली लेकर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। एक किशोर की हालत गंभीर देखकर डॉक्टरों ने उसे कानपुर रेफर कर दिया। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ डकैती की रिपोर्ट दर्ज की। एसपी और एएसपी ने घटनास्थल की पड़ताल की है।
अंदौली रोड में मधुपुरी गांव में रामऔतार मौर्या (50) मां मैकी (70) बेटे सूर्यभान (28), बहू नीलम (24), बेटे सोनू (16), मोनू (14), ज्ञानेंद्र (12) व पुत्री सविता (20) के साथ मकान की पहली मंजिल पर सो रहे थे। रामऔतार से ही जुड़ा घर उसके भाई रामचंद्र का है। जिसमें ललौली थाना क्षेत्र के बेनू गांव निवासी सुरेश पत्नी ममता (27) व बच्चों के साथ किराए पर रहता है। दोनों बच्चों के साथ कमरे के बाहर सो रहे थे।
मंगलवार की रात करीब एक बजे डकैतों ने दोनों घरों में धावा बोला। बदमाश सीढ़ियों और घर के बाहरी तरफ बनी अर्धनिर्मित दीवार से रामऔतार के घर में घुसे। पूरे परिवार को सोते समय ही दबोच लिया और बर्बरतापूर्वक लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। दीवार से चढ़कर बदमाशों ने सूर्यभान पत्नी नीलम, सोनू और मोनू को बेरहमी से पीटकर मरणासन्न कर दिया। बेटी सविता को कमरे में खींच ले गए और उससे लॉकर की चाभी छीन ली। घर में जमकर तोड़फोड़ की। बदमाशों ने रामऔतार और उसकी वृद्ध मां को बेदम करे दूसरे कमरे में पहुंचे और अलमारी और लॉकर तोड़ डाला। कमरे में रखे बक्से उठा ले गए। यहां से बदमाश पड़ोसी सुरेश के यहां जा घुसे। चारपाई में सुरेश और पत्नी ममता को कपड़ों से बांध दिया। डंडों से पिटाई कर लहूलुहान कर दिया। इनके यहां से जेवरात, नकदी का बक्सा लूट ले गए। दोनों घरों में लूटपाट कर खेतों के रास्ते से भाग गए। पीड़ितों की चीख-पुकार पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ट्रैक्टर में घायलों को लेकर ग्रामीण कोतवाली पहुंचे। सूचना पर एसपी विनोद कुमार सिंह और एएसपी संतोष कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। रामऔतार की बेटी सविता ने बताया कि मां शकुंतला गांव गई थी। वह घटना की सूचना मिलते ही लौटी है। मां के अनुसार तीस हजार नकदी और करीब दस तोला सोना और चांदी के जेवरात लॉकर में थे। सारा माल बदमाश लूट ले गए हैं। जिला अस्पताल में घायल सुरेश के पिता हरि पांडेय ने बताया कि उसके घर में बहू के एक लाख कीमत के जेवरात थे। एएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि डकैती का मुकदमा अज्ञात बदमाशों के खिलाफ दर्ज कराया गया है। छानबीन के लिए टीमें लगाई गई है।