बकेवर(फतेहपुर)। नाबालिग के अपहरण मामले के आरोपी ने कोर्ट में पेशी के पूर्व ही जान देने का प्रयास किया। पुलिस हिरासत में आरोपी ने शुक्रवार दोपहर ब्लेड से गर्दन और हाथ काट लिया। आनन-फानन पुलिस कर्मियों ने आरोपी का इलाज कराया। हालत ठीक होने पर कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया। कृपालपुर गांव निवासी बदन यादव तीन दिन पूर्व बकेवर के एक गांव रिश्तेदारों के घर गया था। जहां से एक नाबालिग किशोरी को भगा ले गया था। तहरीर पर आरोपी के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया था। परिजनों ने आरोपी और किशोरी को थाने में सरेंडर कर दिया। आरोपी को शुक्रवार को पुलिस ने कोर्ट पेश करने के लिए भेजा। सिपाही इंद्रजीत समेत दो सिपाही आरोपी को लेकर थाने के बाहर आए थे। तभी आरोपी ने अपनी ब्लेड से गर्दन और हाथ की नस काट ली। खून देखकर सिपाहियों के होश उड़ गए। व आरोपी को लेकर देवमई अस्पताल पहुंचे। हालत में सुधार आने के बाद पुलिस दोबारा उसे थाने ले गई। आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी ने बताया कि उसने जान देने की कोशिश प्रेमिका से अलग होने पर की है। उसे थाना पुलिस के हवाले परिजनों ने बहला फुसला कर कराया है। आरोपी को कोर्ट के आदेश पर पुलिस कर्मी जेल लेकर पहुंचे। आरोपी की चोटें देखकर रोक दिया गया। जेल प्रशासन ने तैनात डाक्टर को बुलाया। आरोपी की चोटों का परीक्षण कराए जाने के बाद जेल प्रशासन ने बंदी को अपनी अभिरक्षा में लिया।