हंसवा(फतेहपुर)। विश्व मलेरिया दिवस के ठीक एक दिन पहले गुरुवार को एक युवक की डेंगू से मौत हो गई। उसे दो दिन पहले जाड़ा लगने के साथ बुखार आया था। उसे उपचार के लिए मंगलवार को कानपुर ले जाया गया था। डेंगू से हुई मौत के बाद बीवीहाट गांव के लोगों में दहशत फैल गई। ग्रामीण, बीमारी की भयावहता और स्वास्थ्य विभाग की अनदेखी से सहमे हैं। मच्छरजनित बीमारी में शामिल डेंगू से इस साल पहले भी कुछ मौतें प्रकाश में आ चुकी हैं। बीवीहाट निवासी कमलेश साहू 35 वर्ष थरियांव कस्बा में ज्योति टेलर्स का मालिक था। मंगलवार की सुबह जिसे कंपकंपी देकर बुखार आया। परिजन युवक को लेकर शहर आए लेकिन राहत नहीं मिली। जिस पर वह उसे कानपुर ले गए थे। जहां गुरुवार की भोर पहर युवक की मौत हो गई। युवक को जांच में डेंगू होने की पुष्टि हुई थी। शोकाकुल परिवार ने मृतक का अंतिम संस्कार किया है। उधर सीएमओ डॉ मुरारी प्रसाद वर्मा ने ऐसी किसी जानकारी से इंकार करते हुए संबंधित गांव टीम भेजने की बात कही है।
इंसेट
विश्व मलेरिया दिवस आज
विश्व मलेरिया दिवस शुक्रवार को मनाया जाएगा। सीएमओ डॉ मुरारी प्रसाद वर्मा ने बताया कि जिले के स्वास्थ्य केंद्रों को मलेरिया रोगियों के लिए एलर्ट किया गया है। जहां पर मलेरिया रोगी के होने की जानकारी होगी। स्वास्थ्य विभाग की टीमें पहुंच कर हालात नियंत्रण का काम करेगी। साथ ही अपील की कि मलेरिया की रोकथाम के लिए जनता भी जागरूक रहे। गंदगी को आसपास फटकने न दे ताकि मच्छरों को पनपने का मौका नहीं मिल सके।