फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सियासी ‘किलों’ में अभी पसरा है सन्नाटा

Mon, 17 Feb 2014 05:30 AM IST
Fatehpur
विज्ञापन
विज्ञापन
फतेहपुर। सियासी पार्टियों ने भले ही चुनावी रणभेरी बजा दी हो लेकिन जिले की सियासत में अभी गर्मी नहीं दिख रही है। अगर बात करें सियासी ‘किलों’ की तो यहां पर सन्नाटा पसरा हुआ है। ‘सेनापति’ भले ही क्षेत्र में दिख रहे हों लेकिन कांग्रेस के ‘सैनिकों’ की हालत पतली दिख रही है। शहर में कांग्रेस, भाजपा, सपा और बसपा के कार्यालयों के नजारे पर एक रिपोर्ट। यह हाल तब है, जब जिले में लोकसभा चुनाव के साथ ही सदर सीट के लिए विधानसभा का उपचुनाव भी होना है। बसपा कार्यालय में कुछ लोग दिखे लेकिन अन्य दलों के ऑफिसों में खामोशी दिखी। कांग्रेस और सपा के दफ्तरों में ताला लटका मिला।
विज्ञापन


कांग्रेस
समय- दोपहर पौने 12 बजे। स्थान- नवीन मार्केट स्थित कांग्रेस का पार्टी कार्यालय। केंद्र की सत्ता पर काबिज इस पार्टी के दफ्तर में ताला लटका रहा। कार्यालय के नीचे चाय की दुकान पर हो रही चुनावी चरचा में कांग्रेस का अता पता नहीं था। कार्यालय में चमके कैमरे के फ्लैश को देखकर सामने सामने खड़े राधानगर बक्शपुर के महेश की कांग्रेसी चाहत बाहर आ गई। पूछने पर कहा कि वह होश संभालने के बाद से कांग्रेस के लिए वोट कर रहे हैं। बताया कि वह गांव में अपने स्तर से माहौल भी बना रहे थे लेकिन कोई दावेदार वोट मांगने नहीं आ रहा है। दफ्तर का नजारा देखकर तो वह खुद भी हैरान हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनय पाल उर्फ पप्पू पाल का कहना है कि अभी प्रत्याशी घोषित नहीं हुआ है। पार्टी दफ्तर समय समय पर खुलता है।

सपा
समय- दोपहर साढ़े बारह बजे। शादीपुर रोड स्थित सपा कार्यालय में ताला लटका मिला। एक ओर जहां लोक सभा चुनाव और विधानसभा उप चुनाव को लेकर प्रत्याशी प्रचार प्रसार कर रहे हैं वहीं पार्टी कार्यालय में एक कार्यकर्ता भी नहीं दिखा। यह हाल सत्तारूढ़ दल का है। सपा जिलाध्यक्ष दलजीत निषाद ने बताया कि कार्यालय में तैनात कार्यकर्ता कामता की शादी थी, इसलिए वह कार्यक्रम में व्यस्त हैं। चुनाव प्रचार प्रसार को लेकर पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूरी तरह सक्रिय हैं।
विज्ञापन


भाजपा
समय सुबह 11:40 बजे। भाजपा कार्यालय के एक गेट में ताला लटकता मिला जबकि दूसरा खुला था। कार्यालय में प्रवेश करने पर यहां रह रहे आईटीआई के छात्र अजय गुप्ता ने बताया कि वह एक कमरे में रहता है। कार्यालय प्रतिदिन खुलता है रविवार की वजह से बंद है। बैठक है इसलिए खुला है। पार्टी के लोग आने वाले हैं। यहां निर्वाचक नामावलियों में नाम सम्मिलित किए जाने या हटाए जाने के पर्चों के बंडल बेतरतीब ढंग से रखे मिले। जिलाध्यक्ष रणवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि लोकसभा चुनाव को लेकर तैयारियां चल रही हैं। प्रत्याशी की घोषणा होने के बाद प्रचार प्रसार और तेज कर दिया जाएगा।

बसपा
समय- सुबह साढ़े 11 बजे। स्थान- बीएसए दफ्तर के करीब स्थित बसपा का कार्यालय। पूर्व सभासद पन्नालाल सेठ, अफसर अली, शरीफ कुरैशी, राम कृपाल बौद्ध, गुलाब चौधरी, मुस्तफा भाई चुनावी गणित फिट करने में मशगूल दिखे। इसी बीच सईद चच्चा के पास कार्यालय का मेंटीनेंस देखने वाले ललित गौतम आकर बताते हैं कि बाहर खड़ी डीसीएम में संवत के लिए प्रचार सामग्री लोड होनी है। सईद ने कहा सारा सामान शिवाकांत तिवारी के नाम पर दर्ज कर दे दो। कार्यालय प्रभारी के कमरे में रखा कंप्यूटर चालू मिला। आपरेटर ने बताया कि हर दिन के डाटा फीड हो रहे हैं। चुनाव में जो कुछ बसपा कर रही है वह इसमें दर्ज है। बसपा जिलाध्यक्ष सुनील गौतम ने बताया कि चुनाव की तैयारियां पूरी हैं। हर कार्यकर्ता जनता के बीच है और रोज बड़े नेता मीटिंग कर रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें