फतेहपुर। समाजवादी पार्टी की साइकिल रैली का समापन शनिवार को हो गया। इसमें भारी संख्या में सपाइयों की हिस्सेदारी रही। आईटीआई मैदान में हुई सपा की सभा में राज्यसभा सांसद एवं फतेहपुर संसदीय क्षेत्र के प्रभारी दर्शन सिंह यादव रैली समापन कार्यक्रम में अव्यवस्था देखकर भड़क उठे और नाराज होकर जाने लगे, पर कार्यक्रम संचालक जिला महासचिव सुरेंद्र प्रताप सिंह यादव ने जिले की मर्यादा की दुहाई देकर कार्यक्रम व्यवस्थित करने की अपील की। कार्यक्रम व्यवस्थित होने पर राज्यसभा सांसद का गुस्सा शांत हुआ।
इससे पूर्व विधान सभावार साइकिल रैली शहर की जिन सड़कों से निकली यातायात व्यवस्था ध्वस्त होकर रह गई। पुलिस रैली की व्यवस्था में जुटी तो ट्रैफिक सिस्टम अव्यवस्थित हो गया। दोपहर एक बजे शुरू हुई रैली समापन कार्यक्रम में देखते ही देखते आईटीआई मैदान खचाखच भर गया। कार्यक्रम की शुरुआत विधान सभावार साइकिल रैलियों के प्रभारियों का सांसद राकेश सचान ने फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद राज्यसभा सांसद दर्शन सिंह ने माइक संभाला और कई बार साइकिल रैली लेकर आए पार्टी कार्यकर्ताओं से व्यवस्थित तरीके से खड़े होने की अपील की, लेकिन सांसद की बात का किसी ने ध्यान नहीं दिया। इस पर राज्यसभा सांसद का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया और वह माइक छोड़कर कार्यक्रम छोड़ने को तैयार हो गए। इस पर पार्टी नेताओं ने उन्हें समझा बुझाकर शांत कराया। बाद में संचालक के कई बार जिला संगठन की मर्यादा की दुहाई देते हुए राज्यसभा सांसद के आदेश के अनुपालन की अपील की। बाद में पार्टी कार्यकर्ता व्यवस्थित हो पाए।
दर्शन सिंह यादव ने कहा कि अनुशासन ही सफलता की कुंजी है। अनुशासन के दायरे में ही रहकर कोई भी लड़ाई फतह की जा सकती है। भले ही लोकसभा चुनाव ही क्यों न हो। उन्होंने प्रदेश सरकार की जनहित की योजनाओं का गांवों में घर-घर प्रचार करने के साथ पार्टी के वोटरों के बूथों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी। सांसद राकेश सचान ने रैली में नेता, कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर विधायक मदनगोपाल वर्मा, जिलाध्यक्ष दलजीत निषाद, पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र यादव, पूर्व मंत्री अमरजीत सिंह जनसेवक, सदर सीट से प्रत्याशी सैयद आबिद हसन, पूर्व मंत्री अचल सिंह, पूर्व विधायक केके सिंह, जिला सचिव शिवशरण सिंह यादव, विकास प्रताप सिंह, केतकी सिंह यादव, युवा नेता विपिन सिंह यादव, ठा. सतीशराज सिंह, नफीस उद्दीन, ओमप्रकाश गिहार जालिम सिंह, महेंद्र सिंह बच्चा, कंधईलाल साहू आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
----------------
सपा अल्पसंख्यक सभा ने चलाई साइकिल
बिंदकी। समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को साइकिल यात्रा निकालकर प्रदेश सरकार की उपलब्धियों कोे जन-जन के बीच पहुंचकर बखान किया। इस साइकिल यात्रा को जिला सचिव मंजूर यार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह साइकिल यात्रा खूंटा, हुसैना, जिगनी, आलमगंज, प्रतापपुर, लखनाखेड़ा आदि गांवों में पहुंची साइकिल यात्रा का स्वागत किया गया। अल्पसंख्यक सभा के विधान सभा अध्यक्ष शफीउल्ला खान ने ग्रामीणों की अलग-अलग समस्याओं को सूचीबद्ध कर उनके निराकरण कराने की बात की। इस दौरान आबिद अली, हनीफ, अब्दुल्ला, अहमद हसन, सैयद हयात, इमामुद्दीन, हाफिज तैयब, समरूद्दीन आदि मौजूद रहे।
------------------
रैली के समापन में सपाइयों ने लगाया जोर
खखरेरु/खागा। सपा साइकिल रैली के समापन के दिन शनिवार को क्षेत्र में सपाइयों ने कई गांवों का दौरा करते हुए फतेहपुर को रवाना किया। सपाइयों ने गांवों में नुक्कड़ सभाएं कर चुनावी माहौल बनाने का प्रयास किया।
सपा नेता उजैर खान और तनवीर हैदर की अगुवाई में करीब दो दर्जन साइकिल यात्री खखरेरु से चल कर रक्षपालपुर, आइमापुर, डेंडासई, सुकुलपुर, भदौहा, हकीमपुर खंतवां, लिहई से होते हुए फतेहपुर रवाना हुए। लिहई और डेंडासई में हुई नुक्कड़ सभा में नेताओं ने भाजपा, बसपा की आलोचना करते हुए कहा कि इन दलों की नीतियों से समाज में जहां विघटन पैदा हो रहा है, वहीं विकास ठप हो जाता है। प्रदेश सरकार की योजनाओं से पूरे प्रदेश का बहुमुखी विकास तेजी से हो रहा है। इस दौरान रामसजीवन निर्मल, इस्माइल वारसी, रामरुचि सिंह, आफान अहमद, वशीम अहमद, बिन्नू यादव, सफी अहमद, मतीन खान, सत्यप्रकाश यादव, फरहान मंसूरी, हरनाम यादव आदि मौजूद रहे।