वन माफियाओं पर शिकंजा कसा
हंसवा/फतेहपुर। थरियांव में हरे पेड़ों की लकड़ी की अवैध कटान पर वन विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। वन माफियाओं पर अंकुश लगाने के लिए वन विभाग की टीम ने अवैध तरीके से संचालित दो आरामशीन संचालकों समेत आधा दर्जन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
थरियांव थाना के बहारमपुर नाका स्थित सोनू तिवारी और कस्बे के रामगोपाल विश्वकर्मा कई वर्षाें बिना पंजीकरण आरामशीन चला रहे थे। क्षेत्रीय वन अधिकारी एसके श्रीवास्तव ने इन दोनाें के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि अगर एक सप्ताह के भीतर आरामशीन नहीं हटाई गई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान में वन विभाग की टीम ने फुलवामउ गांव के समीप एक ट्रक लकड़ी सीज की । बताया कि ट्रक ड्राइवर महताब अली व वन माफिया महबूब के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
इसी क्रम में लखनऊ बाईपास स्थित शंकर ढाबे से एक डीसीएम नीम की लकड़ी बरामद की। जिस पर मुन्ना दिवाकर के खिलाफ मामला दर्ज हुआ। शुक्रवार को थरियांव थाना क्षेत्र वैसापुर गांव में नीम के पेड़ काटते समय दो लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। जिसमें ठेकेदार रामचंद्र व मुन्ना लोधी के ख्रिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। क्षेत्रीय वन अधिकारी ने बताया कि एक भी अवैध रूप से आरामशीन संचालित नहीं हो पाएगी। टीम में वन दरोगा अशोक कुमार सिंह, क्षत्रपाल सिंह समेत कई सिपाही मौजूद रहे।
इनसेट
फिर भी नहीं रुक रही कटान
हंसवा। वन विभाग द्वारा लगातार हो रही कार्यवाही के बावजूद भी वन माफिया पर्यावरण का लगातार दोहन कर रहे हैं। क्षेत्र के एकारी व रमवां गांव मे बेखैाफ तरीके से आम व हरे नीम के पेड़ो की कटान हो रही है। वहीं इन क्षेत्रों में अवैध तरीके से आरा मशीनें संचालित हो रही हैं।
इनसेट
इन नंबरों पर करें शिकायत
हंसवा। अगर क्षेत्र में कटान हो रही हो तो क्षेत्रीय वन अधिकारी एसके श्रीवास्तव से मोबाइल नंबर 08923146870 व वन दरोगा अशोक सिंह से 8005243200 पर शिकायत कर सकते हैं।