अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। समितियों के संचालक पद चुनाव की सरगर्मी तेज हो गई है। सोमवार को 23 समितियों में संचालक पद का चुनाव होगा। प्रत्याशी अपने-अपने क्षेत्र में जाकर मतदाताओं को लुभाने में लगे हैं। मतदाता भी प्रत्याशियों की हां में हां मिला रहे हैं। किसी के साथ प्रचार करने नहीं जा रहे हैं। इससे चुनाव की स्थिति साफ नहीं हो रही है। प्रत्याशियों में भी असमंजस की स्थिति है। बैलेट पेपर समितियों मेें भेज दिए गए हैं।
जिले की 74 सहकारी समितियों में संचालक पद का चुनाव होना है। इसमें 51 समितियों में निर्विरोध संचालक चुने गए हैं। 23 समितियों में संचालक पद के प्रत्याशी आमने-सामने हैं। सीमित मतदाता होने की वजह से प्रत्याशी एक-एक मतदाता के पास बैठकर पूरा समय दे रहे हैं। रिश्तेदारों और मित्रों के माध्यम से अपने पक्ष में लाने का दबाव बना रहे हैं। मतदाता भी किसी प्रत्याशी के पक्ष में एक तरफा नहीं दिख रहे हैं और न ही किसी प्रत्याशी का प्रचार कर रहे हैं।
प्रभारी सहायक निबंधक एवं सहायक आयुक्त सहकारिता सीएल प्रजापति ने बताया कि सदर तहसील की सहकारी समिति सीतापुर, मुरांव, जमरावा, बरारी, मवई, गाजीपुर, ललौली, हरिहरगंज, भिखारीपुर, बकंधा, बहरामपुर समिति में संचालक पद का चुनाव होगा। बिंदकी तहसील की साधन सहकारी समिति मलवां, ओखरा, बकेवर, मथुरापुर, हसनापुर और खागा तहसील की सहकारी समिति बुदवन, मोहम्मदपुर गौती, सिठौरा में संचालक पद का चुनाव होगा। बैलेट पेपर समितियों मेें भेज दिए गए हैं।