अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। अब आवेदन करने के बाद उपभोक्ताओं को कनेक्शन के लिए हफ्ते या दस दिन इंतजार नहीं करना पड़ेगा। बिजली विभाग ने जनता की सुविधा के लिए ई-संयोजन नाम का ऐप लांच किया है जो विभाग के एक्सईएन, एसडीओ, जेई और लिपिक के स्मार्ट मोबाइल नंबर पर लोड होगा। इस ऐप के जरिए जेई उपभोक्ता के फार्म को मोबाइल में भरकर तुरंत कनेक्शन नंबर मुहैया करा देंगे।
अभी तक बिजली का कनेक्शन लेने के लिए आवेदक को अफसरों व लिपिकों की गणेश परिक्रमा करनी पड़ती थी। पहले फार्म भरकर जेई से रिपोर्ट लगवाना फिर एसडीओ और एक्सईएन से संस्तुति कराना होता था। इस प्रक्रिया में आठ से दस दिन का समय लग जाता था। कहीं किसी उपभोक्ता को बिचौलिया मिल गया तो उसका दोहन अलग से होता था। इसमें उपभोक्ताओं का समय और पैसा दोनों बर्बाद होता था।
अब ई-संयोजन ऐप में उपभोक्ता को कनेक्शन के लिए आवेदन फार्म व दस्तावेज लेकर आना होगा। इसके बाद फार्म भरकर तत्काल कनेक्शन दे दिया जाएगा। वर्तमान में जिले में घरेलू और कामर्शियल मिलाकर करीब तीन लाख कनेक्शन हैं। अधीक्षण अभियंता आरआर सिंह ने तीनों वितरण खंडों के अधिशासी अभियंता को ऐप लोड कर उपभोक्ताओं को सुविधा का लाभ दिलाने के निर्देश दिए हैं।
अधिशासी अभियंता एसडी सिंह ने बताया कि उपभोक्ताओं के डाटा ऑनलाइन फीडिंग में भी यह ऐप मददगार साबित होगा। फार्म भरने में 15 से 20 मिनट का समय लगेगा इसके बाद तत्काल कनेक्शन नंबर उपभोक्ता को दे दिया जाएगा।
ऐसे काम करेगा ऐप
मोबाइल में ई-संयोजन ऐप पर जेई उपभोक्ता का नाम, पता, कनेक्शन क्षमता, आधार कार्ड नंबर, कनेक्शन शुल्क आदि फीड करेंगे। इसके बाद कनेक्शन नंबर तुरंत जनरेट हो जाएगा।